मुख्यमंत्री द्वारा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के अनावरण हेतु युवा कांग्रेस ने व्यक्त किया विशेष आभार

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिला हमीरपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री  ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू  द्वारा किया गया। इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक अवसर के लिए जिला युवा कांग्रेस हमीरपुर की ओर से मुख्यमंत्री  को विशेष रूप से धन्यवाद प्रेषित किया गया है।

जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक संधू ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक मूर्ति का अनावरण नहीं, बल्कि एक विचारधारा, एक आंदोलन और एक न्यायपूर्ण समाज के प्रति प्रदेश सरकार की सशक्त प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री  द्वारा स्वयं उपस्थित होकर प्रतिमा का अनावरण करना यह दर्शाता है कि वर्तमान सरकार बाबा साहेब के विचारों को न केवल सम्मान देती है, बल्कि उन्हें नीतियों में समाहित करने के लिए भी गंभीर है।

संधू ने कहा कि सामाजिक समरसता, समानता, और शिक्षा द्वारा सशक्तिकरण के जिन मूल्यों के लिए डॉ. अंबेडकर ने जीवनभर संघर्ष किया, आज उन्हें जनमानस तक पहुंचाने की दिशा में यह पहल एक मील का पत्थर साबित होगी। युवा कांग्रेस इस कार्य हेतु माननीय मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता, सक्रियता और दूरदर्शिता की सराहना करती है।

अंत में युवा कांग्रेस ने यह आशा जताई कि प्रदेश सरकार बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक न्याय और समान अवसरों के निर्माण हेतु इसी तरह कार्य करती रहेगी।

 

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh