कजिन (ताया के पुत्र) की अंतिम यात्रा में पहुंचे मुख्यमंत्री

धर्मपुर एक्सप्रेस। हमीरपुर 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कजिन (ताया के पुत्र) कुलदीप सिंह का शनिवार सुबह यहां अमलैहड़ क्षेत्र के गांव गुजरेड़ा में निधन हो गया। लगभग 65 वर्षीय कुलदीप सिंह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

कुलदीप सिंह के निधन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह शनिवार दोपहर को गौना हैलीपैड पर पहुंचे और मानपुल के पास स्थित शमशानघाट पर दिवंगत कुलदीप सिंह के अंतिम संस्कार में भाग लिया। कुलदीप सिंह के ज्येष्ठ पुत्र ने दिवंगत पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ अर्की के विधायक संजय अवस्थी, सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुमन भारती, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर और जिला के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री अमतर स्टेडियम के पास दिवंगत कांग्रेसी नेता अवतार सिंह ठाकुर के घर भी पहुंचे और वहां शोकग्रस्त परिवार को सांत्वना दी। सात बार बेला पंचायत के प्रधान रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह ठाकुर का कुछ समय पहले निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने अवतार सिंह ठाकुर के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की चिरशांति की कामना की।

Dharampur Express
Author: Dharampur Express

Himachal Pradesh